पौड़ी। मंडल मुख्यालय पौड़ी के लोगों के लिए खासकर दिल के मरीजों के लिए राहत की खबर है। उन्हें अब इलाज के लिए देहरादून, चंडीगढ़ या फिर दिल्ली के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। उन्हें जिला अस्पताल में ही इलाज मिल सकेगा। पौड़ी में टेलीकाडियोलॉजी योजना के साथ ही आयुष्मान भारत योजना भी जल्द शुरू होगी। मुख्यमंत्री 23 सितंबर को इन दोनों योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी डा. बीएस जंगपांगी ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत 23 सितंबर को पौड़ी ऑडिटोरियम से आयुष्मान भारत योजना के साथ ही टेलीकाडियोलॉजी योजना का भी शुभारंभ करेंगे। टेलीकाडियोलॉजी योजना के शुरू होने से दिल के मरीजों को जिला अस्पताल में इलाज की सुविधा मिलने लगेगी। इसके बाद पौड़ी जिला अस्पताल संबंधित सेंटर से ऑनलाइन जुड़ जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग से मरीज को जिला अस्पताल से ही इलाज मिलने लगेगा। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से प्रदेश के पांच लाख 37 हजार, 693 परिवारों को पांच लाख रुपये कैशलेस इलाज की सुविधा सभी सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मिलने लगेेगी।