पौड़ी। इडवालस्यूं इलेवन और गढ़वाल इलेवन ने मुकाबले जीतकर राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
खेलो इंडिया के तहत कंडोलिया खेल मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला इडवालस्यूं इलेवन व कठूली के बीच खेला गया। पहले हॉफ में इडवालस्यूं की ओर से 20वें मिनट में अंकित ने पहला गोल किया। कठूली की ओर से 35वें मिनट में पवन ने गोल कर मैच में अपनी टीम को एक-एक गोल की बराबरी पर खड़ा कर दिया। दूसरे हाफ में इडवालस्यूं की ओर से अंकित ने दूसरा गोल दागा। इस बीच कठूली की टीम दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं कर पाई और इडवालस्यूं इलेवन ने 2-1 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा मुकाबला गढ़वाल इलेवन व पाबौ के बीच खेला गया। पहले हॉफ में गढ़वाल इलेवन की ओर से अतुल ने पहला गोल 27वें और दूसरा गोल 32वें मिनट में दागकर टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे हॉफ में गढ़वाल इलेवन के लिए गोल का सिलसिला जारी रहा। सौरभ ने 43वें और गौरव ने 45वें मिनट में गोल दागा। गढ़वाल इलेवन ने 4-0 से मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल जगह बनाई।
सुरेंद्र सिंह नेगी, मुकेश कुमार, ललित बिष्ट, सुरेंद्र सिंह रावत, राजेश रावत, योगेंद्र पटवाल निर्णायक व विनोद नेगी स्कोरर की भूमिका में रहे। इस अवसर पर प्रतियोगिता के संयोजक पूर्व पालिकाध्यक्ष पौड़ी गणेश नेगी, संजय रावत, हेमंत सुंदरियाल, लक्ष्मण नेगी, कमल रावत आदि मौजूद रहे।