पौड़ी। 18वीं प्रदेश बैडमिंटन प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप नैनीताल के नाम रही। अंडर 17 बालक वर्ग के फाइनल में नैनीताल और बालिका वर्ग में अल्मोड़ा की टीमों ने बाजी मारी। अंडर 14 बालक वर्ग में यह खिताब देहरादून और बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ के नाम रहा, जबकि देहरादून दूसरे और पिथौरागढ जिला तीसरे स्थान पर रहा।
इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय 18वीं प्रदेश बैडमिंटन प्रतियोगिता का फाइनल मैच अंडर 17 के पूर्व चैंपियन नैनीताल के भावेश पांडे और देहरादून के सरोज सुनार के बीच खेला गया। भावेश ने सरोज को 20-08 से हराया। अंडर 14 बालक वर्ग में फाइनल में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के शशांक प्रथम, देहरादून के शौर्य पंत द्वितीय और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के तुषारपाल तृतीय स्थान पर रहे। फाइनल बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की ऐश्वर्य प्रथम, नैनीताल की श्रेया सुयाल द्वितीय और नैनीताल की श्रेया टम्टा तृतीय रही। बालिका वर्ग के फाइनल में अल्मोड़ा की आरती भारती, ऊधमसिंह नगर की सुपर्णा व देहरादून की आशा क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। विजेेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, सीईओ (माध्यमिक) हरेराम यादव व पौड़ी के पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश नेगी ने पुरस्कार वितरित किए। जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी ने बताया कि फाइनल मुकाबलों के बाद खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन होना है। इसकी प्रक्रिया जारी है। प्रतियोगिता के आयोजन में राकेश कठैत, प्रमोद नेगी, अजय रावत, महेंद्र नेगी, गोपाल चौहान, कमल रावत, अजय कुमार, राजेंद्र रावत, मृदुला गुजराल व माधुरी ने सहयोग दिया। संचालन वीरेंद्र खंकरियाल, शैलेश जोशी व आनंद नौटियाल ने किया।