एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बुधवार को आयोजित होनेे वाले दीक्षांत समारोह के लिए सोमवार को कार्यक्रम स्थल स्वामी मन्मनथन प्रेक्षागृह चौरास में पूर्ण वेषभूषा में पूर्वाभ्यास (फुल ड्रेस रिहर्सल) होगी। समारोह में डिग्री लेने के लिए 196 पीएचडी/स्नाकोत्तर छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण करवाया है। कार्यक्रम में 60 गोल्ड मेडल भी दिए जाएंगे।
एक दिसंबर को गढ़वाल विवि का नौंवा दीक्षांत समारोह आयोजित होना है। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और रक्षा प्रमुख जनरल विपिन रावत शिरकत कर रहे हैं। समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कार्यक्रम से पूर्व मंगलवार को कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल के निर्देशन में विद्या परिषद व कार्य परिषद के सदस्य, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, दीक्षांत समारोह समिति के सदस्य समेत पंजीकृत स्वर्णपदक विजेता छात्र-छात्राएं और पीएचडी उपाधिधारक पूर्वाभ्यास करेंगे।
प्रो. नौटियाल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वायु सेना की टीम की ओर से सुरक्षा का निरीक्षण समेत ट्रायल लैंडिंग हो चुकी है। दीक्षांत समारोह के लिए पीएचडी के 86 और स्नातकोत्तर के 110 उपाधिधारक पंजीकृत हुए हैं। समारोह में लगभग 60 स्वर्णपदक आवंटित किए जाएंगे। स्वर्णपदक और पीएचडी उपाधिधारकों को मंगलवार को पूर्वाभ्यास से पहले उनकी वेशभूषा एवं गेट पास के रूप में निमंत्रण-पत्र दिया जाएगा। समारोह के मीडिया प्रभारी प्रो. एमएम सेमवाल ने बताया कि इस बार दीक्षांत समारोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही माध्यमों से हो रहा है। ऑनलाइन पंजीकृत उपाधिधारकों को कार्यक्रम का लिंक ईमेल से भेज दिया गया है।