श्रीनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए गढ़वाल विवि ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विवि के योग विभाग में योग दिवस की तैयारियों के संबंध में सेमिनार आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग ही स्वस्थ शरीर का आधार है।
शनिवार को चौरास परिसर स्थित योग विभाग सभागार में आयोजित सेमिनार में वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग निरोग जीवन का आधार है। योग से लाइलाज बीमारियों को भी ठीक किया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि विश्व को योग भारत की देन है, लेकिन आज यह भारत से अधिक पश्चिमी देशों में प्रचलित हो रहा है। योग विभाग के विभागाध्यक्ष डा. चिंताहरण बेताल ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भव्य तरीके से मनाया जाएगा। डा. बेताल ने कहा कि विभाग ने इसके लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम में प्रो. जेके गोदियाल, प्रो. ओपी गुसाईं व प्रो. एमके सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन शोध छात्रा गरिमा जायसवाल ने किया। इस अवसर पर डा. विनोद नौटियाल, डा. रजनी नौटियाल, विनीत पोश्ती, दिलीप व रजक आदि मौजूद थे।