पौड़ी। जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी एवं अन्य पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं न होने से नाराज नागरिक कल्याण मंच ने मंगलवार को दूसरे दिन भी जिला अस्पताल में प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने शासन प्रशासन के साथ ही क्षेत्रीय विधायक पर भी समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।
जिला अस्पताल में एकत्र हुए मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग के बावजूद जिला अस्पताल में फिजिशियन की तैनाती नहीं हो पाई है, जबकि डिजिटल एक्सरे मशीन भी चालू नहीं हुई। अस्पताल में दवाएं भी बाहर की लिखी जा रही हैं, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। मंच के संयोजक केदार सिंह गुसाईं ने कहा कि समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्याओं की अनदेखी होती रही है। धरना देने वालों में मुख्य संयोजक रघुवीर सिंह रावत, पूर्व सभासद धर्मवीर सिंह रावत, प्रशांत नेगी, गिरीश बर्त्वाल, कुसुम चमोली, महावीर सिंह अणेथी, आलम सिंह रावत, ठाकुर सिंह नेगी, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, सत्य प्रसाद धस्माना, ललित मोहन कोठियाल व जगमोहन सिंह नेगी आदि शामिल रहे।