पौड़ी। कंडोलिया मंदिर के पास बंदरों ने मंगलवार को दो छात्राओं पर हमला कर उनके हाथ और पांव पर दांत गाड़ दिए। बुुधवार को भी बंदरों ने कंडोलिया मंदिर के पास ही एक और महिला को जख्मी किया है।
मंडल मुख्यालय पौड़ी में बंदरों की दहशत दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। मंगलवार को पौड़ी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत करिश्मा व हिमानी पर बंदरों ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। उनके पांव व हाथ पर बंदरों के काटने से गहरे घाव बन गए। मंगलवार को ही जिला चिकित्सालय में उन्हें उपचार दिया गया। बुधवार को भी कंडोलिया मंदिर के पास जानकी देवी पर भी बंदरों ने हमला किया। जानकी के पांव में गहरा घाव हुआ है। छात्र नेता गंभीर, अभाविप के संयोजक गौरव रावत व भारत सिंह समेत अन्य ने प्रभागीय वनाधिकारी को इस बारे में पत्र सौंपा। मांग की कि बंदरों से आम नागरिकों की सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, लेकिन वन विभाग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है।