पौड़ी/कोटद्वार। प्रशासन की विभिन्न टीमों ने बुधवार को जिले के 12 सरकारी दफ्तरों में एक साथ छापेमारी कर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में 27 अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर मिले। श्रीनगर में रेशम विभाग और आईटीआई में सभी कर्मचारी गायब मिले। आईटीआई जयहरीखाल के प्रिंसिपल लंबे समय से अनुपस्थित होने पर निलंबन के आदेेश दिए हैं।
डीएम के निर्देश पर जिले में बुधवार को सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक दफ्तरों में छापेमारी अभियान चलाया गया। एसडीएम सदर केएस नेगी को छापेमारी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट में तीनों डाक्टर, फार्मेसिस्ट और कई कर्मचारी गायब मिले। ब्लाक कार्यालय कोट में एडीओ जेई के साथ ही एक कर्मचारी गैरहाजिर मिला। कोट पशु चिकित्सालय में पशुधन सहायक अनुपस्थित थे। थलीसैंण ब्लाक में प्रभारी तहसीलदार धुमाकोट को निरीक्षण में एडीओ पंचायत, श्रीनगर एसडीएम मायादत्त जोशी के निरीक्षण में रेशम विभाग और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सभी कर्मी उपस्थित मिले। एसडीएम लैंसडोन सोहन सिंह सैनी को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जयहरीखाल में प्रिंसिपल और अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कार्यालय में बायोमीट्रिक मशीन भी नहीं थी। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा रहा है। आईटीआई जयहरीखाल में तैनात प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह के बिना अवकाश स्वीकृति के लंबे समय से अनुपस्थित होने पर निलंबन के आदेेश दिए हैं।
कोटद्वार। एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय और पीडब्लूडी दुगड्डा में जहां सभी कर्मचारी, अधिकारी उपस्थित पाए गए, वहीं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय दुगड्डा में परियोजना अधिकारी समेत तीन कर्मचारी नदारद मिले। तहसीलदार सीएस रावत ने कोटद्वार के सरकारी विभागों में औचक निरीक्षण के बाद उपस्थिति चेक की। कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कोटद्वार के कार्यालय में 12 में से सात कर्मचारी अधिकारी उपस्थित पाए गए। एक सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन कर्मचारी यहां अनुपस्थित पाए गए। राजकीय कृषि बीज भंडार में दो में से एक कर्मचारी उपस्थित मिला, एक कर्मचारी को क्षेत्र भ्रमण पर बताया गया। उपखंड शिक्षा अधिकारी कोटद्वार के कार्यालय में 12 में से तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग में सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। एसडीएम ने बताया कि औचक निरीक्षण की रिपोर्ट कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी पौड़ी को भेज दी गई है।