पौड़ी। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती समारोह पर 31 अक्तूबर को जिला प्रशासन और शिक्षण संस्थानों की ओर से रन फॉर यूनिटी समेत विभिन्न कार्यक्रम कराए जाएंगे। मंगलवार को विकास भवन सभागार में समारोह की तैयारियों पर जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने कहा कि 31 अक्तूबर को सरदार पटेल का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। एकता के लिए रन फार यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, युवा कल्याण, जल संस्थान और पॉलीटेक्निक संस्थानों को कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह दौड़ के बाद शाम को पुलिस बल द्वारा मार्चपास्ट व रस्साकस्सी कार्यक्रम कराए जाएंगे। डीएम ने रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के लिए जिला और पुलिस प्रशासन समेत विभिन्न विभागों को रूट चार्ट और ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी, अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, डीडीओ वेद प्रकाश, सीईओ एमएस रावत आदि उपस्थित रहे।