पौड़ी। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि ‘ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़े’ के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, स्वजल, खेल और युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों की ओर से सांस्कृतिक, खेलकूद प्रतियोगिताएं, जल स्रोतों की साफ सफाई और पौधरोपण समेत कई जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शुक्रवार को डीएम ने विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में पखवाड़े की तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि एक से 15 अक्टूबर तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने विभागों से दो दिन के भीतर कार्यक्रमों का रोस्टर तैयार करने को कहा। डीएम ने निर्देश दिए कि पखवाड़े के तहत जिला स्तर पर जिलाधिकारी, तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी और ग्राम पंचायत स्तर पर बीडीओ नोडल अधिकारी होंगे। परियोजना निदेशक एसएस शर्मा ने कहा कि एक अक्टूबर को जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी पखवाड़े का शुभारंभ करेंगे। एक अक्टूबर को स्वच्छता श्रमदान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। तीन से 15 अक्टूबर तक पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं, जनजागरूकता, सफाई व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पांच अक्टूबर को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती व धात्री महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। बैठक में सीडीओ विजय कुमार जोगदंडे व डीडीओ वेद प्रकाश आदि उपस्थित रहे।