पौड़ी। एसबीआई योनो ऐप डाउनलोड कराने का झांसा देकर फार्मेसी अधिकारी से दो दिनों में करीब 1.85 लाख की साइबर ठगी हुई। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया और उक्त धनराशि लौटाने की गुहार लगाई।
जिला अस्पताल के आयुष विंग में सेवारत मुख्य फार्मेसी अधिकारी दिनेश प्रसाद थपलियाल ने शिकायती पत्र में कहा कि बीते 11 सितंबर को ठगों ने एसबीआई योनो ऐप डाउनलोड कराने का झांसा देकर उनके खाते से 95 हजार की धनराशि निकाल ली। इससे पहले 12 सितंबर को 90 हजार और फिर 4 हजार की धनराशि भी निकाल ली। बताया कि इससे पहले भी साइबर ठग 27 अगस्त को उनके खाते से 98 हजार की धनराशि निकाल चुके हैं। तब उन्होंने बंद करवाया और साइबर क्राइम सेल में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। वहीं एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित थाना प्रभारी को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद