देवप्रयाग। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि इस फरवरी माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड में केंद्र और प्रदेश की बहुउद्देश्यीय योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। साथ ही हल्द्वानी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और श्रीनगर में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा केंद्र सरकार की विकास योजनाओं से अवगत कराएंगे।
यहां पत्रकारवार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि 3 मार्च तक सभी प्रदेशों में जन महत्व की योजनाओं को जनता के सामने रखा जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से की गई घोषणाएं चुनावी घोषणाएं नहीं हैं, बल्कि धरातलीय हैं, जो क्रियान्वित होने लगी हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण के शेड्यूल में कोई परिवर्तन किए बगैर मोदी सरकार ने आर्थिक आधार पर सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण देकर यह साबित कर दिया है कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के नारे पर चलती है। पश्चिम बंगाल की घटना के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बंगाल में लोकप्रियता बढ़ता देख मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई हैं। विपक्ष गठबंधन बना कर अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश बचाने के लिए लड़ती है, अपने निजी स्वार्थों के लिए नही। विपक्ष की नेता इंदिरा हृदयेश के बयान पर उन्होंने कहा कि कुछ फ्लोटिंग नेता होते हैं जो आते जाते रहते हैं। इस अवसर पर दिनेश कोटियाल, विजय सती, गौरव मिर्जापुरी व रजनीश मोतीवाल आदि मौजूद थे।