पौड़ी। मंडल मुख्यालय पौड़ी के दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। उनके गांव जल्द ही सड़क से जुड़ेंगे। वर्षों से लटके वन भूमि हस्तांतरण के छह मामलों को मंजूरी मिली है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओम प्रकाश ने कहा कि वन भूमि हस्तांतरण की विधिवत स्वीकृति के बाद कुछ मार्गों पर पहाड़ कटान का काम किया जा रहा है।
जिले के खिर्सू ब्लाक में नेशनल हाईवे 119 से ग्राम बरसूड़ी तक संपर्क मार्ग के नवनिर्माण का कार्य पिछले काफी समय से लटका था। मार्ग निर्माण में वन भूमि हस्तांतरण के लिए पूर्व में सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद अब विधिवत स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि निर्माण खंड दुगड्डा में अटल आदर्श योजना के अंतर्गत सिरई संपर्क मार्ग, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड बैजरों के अंतर्गत चोपड़ा-नौगांव-न्याणगढ़ मोटर मार्ग के डुंग्री तक विस्तार, इसी खंड के अंतर्गत जाख से अक्सोड़ा मोटर मार्ग का निर्माण, फरखंडाखाल शुक्र मार्ग के मोटर मार्ग में परिवर्तन एवं ग्राम शुक्र से बुघाणी तक संपर्क मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिली है। इसके अलावा निर्माण खंड श्रीनगर के अंतर्गत डुंगरीपंथ-छांतीखाल-खेड़ाखाल मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डेढ़ लेन में परिवर्तन को भी वन मंजूरी मिली है।