पौड़ी। हरिद्वार के अशासकीय स्कूलों में बच्चों के रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाड़े का प्रकरण सामने आने के बाद गढ़वाल मंडल के अपर निदेशक महावीर सिंह बिष्ट ने संबंधित जनपद के सीईओ के साथ ही मंडल के समस्त सीईओ को इस तरह के प्रत्येक स्कूल की जांच के निर्देश दिए हैं। अपर निदेशक ने कहा कि बगैर मान्यता के चल रहे स्कूलों की भी जांच करा ली जाए।
गढ़वाल मंडल के अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा महावीर सिंह बिष्ट ने मंडल के सभी सातों जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा कि बहादराबाद (हरिद्वार) के स्कूल के निरीक्षण के दौरान स्कूलों के शिक्षकों से कक्षावार छात्र संख्या पूछे जाने पर उन्होंने छात्र संख्या अधिक बताई, लेकिन कक्षा में इससे बहुत कम बच्चे उपस्थित मिले। बच्चों के उपस्थिति रजिस्टर के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया गया कि रजिस्टर लॉकर में है और इसकी चाबी अनुपस्थित शिक्षक के पास है। अपर शिक्षा निदेशक ने कहा कि संबंधित स्कूल नौवीं से इंटर तक सहायता प्राप्त है, लेकिन स्कूल परिसर में कक्षा छह से आठ भी संचालित है। हरिद्वार के सीईओ को जारी निर्देश में एडी ने कहा कि प्रकरण की जांच जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक से करा ली जाए। उन्होंने कहा कि रामनगर बोर्ड से भी इसकी पुष्टि कराई जा रही है। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने गढ़वाल मंडल के समस्त सीईओ को भी इस तरह के प्रकरणों की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूलों की भी जांच करा ली जाए जो बगैर मान्यता के चल रहे हैं।