पौड़ी। राजकीय इंटरमीडिएट कालेज कालौं में शिक्षकों की कमी से नाराज अभिभावकों ने अध्यापकों की नियुक्ति न होने पर आंदोलन का एलान किया है। सोमवार को पहले मुख्य शिक्षा अधिकारी और फिर डीएम कार्यालय पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि स्कूल में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के स्वीकृत 25 पदों के विपरीत मात्र छह शिक्षक कार्यरत हैं।
जिलाधिकारी सुशील कुमार से मिले अभिभावकों ने कहा कि स्कूल में न प्रिंसिपल हैं और न ही अंग्रेजी, गणित, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, राजनीति विज्ञान एवं इतिहास के प्रवक्ता। सहायक अध्यापक अंग्रेजी, सामान्य, व्यायाम, कला एवं सहायक अध्यापक संस्कृत का पद भी रिक्त है। ग्राम प्रधान पटोटी पुष्पा देवी ने कहा कि स्कूल में 250 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन पर्याप्त शिक्षक न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी है। प्रधान जगदीश ने कहा कि स्कूल में सलाना, बजवाड़, कालौं, पटोटी, मतोली आदि छह ग्राम सभाओं के बच्चे पढ़ते हैं। डीएम से मिलने वालों में गंगा सिंह, सुमिता देवी, रमेश भंडारी, शिशपाल सिंह, अमर सिंह, बीना देेवी, कमला देवी, विमला देवी, संगीता देवी, मातवर सिंह नेगी व प्रकाश सिंह आदि शामिल रहे।