श्रीनगर। गढ़वाल विवि के सुरक्षा व सफाई कार्य से हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों ने कुलपति से मुलाकात कर बहाली की मांग की है। कहा कि विगत पांच सालों की सेवा के बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया है, जिससे उनके सम्मुख आर्थिक संकट पैदा हो चुका है। इस पर कुलपति ने प्रतिनिधि मंडल को सकारात्मक आश्वासन दिया है।
बृहस्पतिवार को गढ़वाल विवि के छात्र नेता व सेवा से हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों ने कुलपति प्रो. एससी बागड़ी से मुलाकात की। कर्मियों की मांगों के समर्थन में पहुंचे छात्र नेताओं ने कहा कि लंबी सेवा के बाद नौकरी से हटाया जाना कर्मियों के साथ अन्याय है। जबकि सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि उनकी जगह पूर्व सैनिकों की नियुक्ति की बात की जा रही है। वार्ता में पहुंचे छात्र नेताओं व कर्मियों ने कहा कि विवि में आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति की जानी चाहिए। अन्यथा इस अव्यवस्था के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल के अनुसार कुलपति प्रो. बागड़ी ने कर्मियों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस विषय पर विचार कर समस्या का हल निकाला जाएगा। मौके पर आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष अजय पडियार, गिरीश चंद्र बलोनी, कविता, भारती, बबली, ममता, गीता, संगीता व छात्र नेता प्रवीन भंडारी, रेशमा पंवार, अंकित उछोली, रामप्रकाश, संदीप राणा, देवकांत देवराड़ी, अतुल सती, आयुष मिया, अमित प्रदाली, सुधीर जोशी, शैलेश मलासी, नितिन मलेठा आदि मौजूद थे।