देवप्रयाग। विकासखंड देवप्रयाग के बछेली गांव में वन पंचायत का गठन कर आलम सिंह को सरपंच चुना गया। इस मौके पर ग्रामीणों ने जंगलों की सुरक्षा व संरक्षण का संकल्प लिया है।
बृहस्पतिवार को भरपूर पट्टी के बछेली गांव में प्रधान सुरमिला देवी की अध्यक्षता में वन पंचायत का विधिवत गठन किया गया। आम बैठक में ग्रामीणों ने वनों की सुरक्षा के प्रति चिंता व्यक्त कर आग से वनों को बचाने का संकल्प लिया। साथ ही अवैध रूप से जंगलों में पेड़ कटान पर रोक लगाए जाने की जरूरत बताई। राजस्व उप निरीक्षक भंवरदास ने कहा कि वनों की सुरक्षा के लिए गांव में दो वन सुरक्षा मित्रों की तैनाती की जाएगी। जोकि बाहरी लोगों के जंगलों में प्रवेश व ग्रामीणों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही जंगल में आग लगने पर बुझाने का प्रयास करेंगे। बैठक में क्षेत्रपंचायत सदस्य जगदीश चंद्र आर्य आदि ने भी विचार रखे। इस मौके पर मग्गी देवी, कविता, किरन, माया, वीना व गिरीश सिंह, मान सिंह, मकान सिंह को वन पंचायत का सदस्य चुना गया।