पौड़ी। विकास कार्यों की सही रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराने पर डीएम ने एकेश्वर और रिखणीखाल के बीडीओ को फटकार लगाते हुए दोनों का खंड विकास अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन सभागार में शनिवार को डीएम सुशील कुमार ने मनरेगा के कार्यों की विभागवार समीक्षा की। डीएम ने बीडीओ और एडीओ पंचायत से विकासखंडों में निर्माणाधीन शौचालयों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। एकेश्वर के बीडीओ कीर्ति बल्लभ नेगी और रिखणीखाल के बीडीओ अमर सिंह से कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी थी लेकिन, दोनों अधिकारियों से संतुष्ट जवाब नहीं मिला। इस पर डीएम ने दोनों अधिकारियों को फटकार लगाई और सीडीओ रवनीत चीमा को दोनों अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने बीडीओ को एक सप्ताह के अंदर सभी शौचालयों का काम पूरा करने और 10 दिनों के भीतर बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। कहा कि जिन शौचालयों का कार्य पूरा हो चुका है उनका तत्काल भुगतान किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए। उद्यान तथा कृषि विभाग की प्रगति रिपोर्ट पर डीएम ने कहा कि जहां कलस्टर के माध्यम से खेती की जा रही है उन कलस्टरों पर प्रगति बढ़ाई जाए। उन्होंने तेजपत्ता तथा लेमनग्रास के कलस्टरों को भी बढ़ावा देने की बात कही। जल संचय, चेकडैम को बढ़ाने, मत्स्य पालन के सभी कार्यों को मनरेगा के तहत कराने तथा खराब नलकूप को सही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस मौके पर सीडीओ रवनीत चीमा, डीडीओ वेद प्रकाश, सीवीओ डॉ. देवेंद्र राणा, पीडी एसएस शर्मा, एपीडी सुनील कुमार, डीपीआरओ एमएम खान, डीईओ माध्यमिक हरेराम यादव आदि उपस्थित रहे।