नारायणबगड़। कर्णप्रयाग-ग्वालदम मोटर मार्ग पर नौपाणी के पास सोमवार रात्रि को एक ट्रक अनियंत्रित होकर पिंडर नदी किनारे जा गिरा, जिसमें चालक की मौत हो गई। मंगलवार सुबह मिली सूचना पर पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को निकाला और पंचायतनामा सहित अन्य कार्रवाई शुरू की।
सोमवार को कर्णप्रयाग एफएलटू से शराब लेकर एक ट्रक थराली गया। रात को ही करीब दस बजे थराली से कर्णप्रयाग वापस आते वक्त नारायणबगड़ कस्बे के पास नौपाणी में ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे पिंडर नदी किनारे गिर गया। इसमें ट्रक चालक विनोद (30) पुत्र रघुवीर सिंह निवासी नौटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मंगलवार सुबह पुलिस को दी गई। इस पर चौकी प्रभारी हेमंत सेमवाल मय फोर्स मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। हेमंत सेमवाल ने बताया कि वाहन में केवल चालक ही था।