पौड़ी। पौड़ी क्षेत्र के विधायक मुकेश कोली ने कहा कि पौड़ी में अधूरे बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा करना व जिला अस्पताल को स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। यह बात उन्होंने उनसे मिलने गए प्रतिनिधिमंडल से कही।
नगरपालिका वार्ड संख्या नौ का प्रतिनिधिमंडल विधायक मुकेश कोली से मिला। लोगों ने बताया कि शहर में मटमैले पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था न होने से जगह-जगह गंदगी फैली है। जल संस्थान ने भी पानी के बिलों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे लोग परेशान हैं। विधायक कोली ने कहा कि वह इस संबंध में डीएम से वार्ता करेंगे। विधायक मुकेश कोली ने लोगों को बताया कि जिला चिकित्सालय को स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करना व बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा करवाना उनका लक्ष्य है। विधायक से मिले प्रतिनिधिमंडल में हर्षवर्धन काला, हरेंद्र सिंह व लक्ष्मण डुकलान आदि मौजूद रहे।