पौड़ी। पुलिस के अग्निशमन दल ने छात्र-छात्राओं को अग्नि सुरक्षा के गुर सिखाए। छात्र-छात्राओं ने भी आग की रोकथाम को लेकर उत्सुकता के साथ मॉकड्रिल में हिस्सा लिया।
सोमवार को पुलिस के अग्निशमन दल की ओर से एसजीआरआर पब्लिक स्कूल पौड़ी में अग्नि सुरक्षा मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मौके पर अग्निशमन अधिकारी प्रेम सिंह सती ने आग, उसके प्रकार, रोकथाम, राहत एवं बचाव व लोगों की सहभागिता को लेकर जानकारी दी। अग्निशमन दल के जवानों ने आग लगने व उसे बुझाने को लेकर मॉकड्रिल की। प्रधानाचार्य आरपी ढौंडियाल ने कहा कि विद्यालय में इस तरह के आयोजन बच्चों के बौद्धिक विकास, सामाजिक चेतना व आपात स्थिति में खुद की भूमिका को लेकर जरूरी हैं। बच्चों को इससे बहुत कुछ सीखने मिला। उन्होंने अग्निशमन अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना की। इस अवसर पर लीडिंग फायरमैन अनुसूया प्रसाद गौड़, मौ. अरशद, शमशेर सिंह, नरेंद्र कुमार व गजेंद्र प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।