पौड़ी। थाना क्षेत्र पैठाणी स्थित टीला गांव के एक मकान में वज्रपात से तीन मजदूर सहित एक चालक झुलस गए। घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार किया गया है। हालांकि प्रशासन वज्रपात की पुष्टि नहीं कर रहा है।
थाना क्षेत्र पैठाणी के टीला गांव निवासी बीरबल सिंह का दो मंजिला मकान गांव से 100 मीटर दूर है, जिसमें 11 नेपाली मजदूर व एक वाहन चालक रहता है। बृहस्पतिवार देर रात तेज गर्जना हुई। इसी दौरान कमरे में सो रहे तीन मजदूर व दूसरे कमरे में सो रहे चालक पर करंट दौड़ गया, जिससे वे झुलस गए। साथ में सोए अन्य मजदूरों का शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने चारों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल मजदूर वीर सिंह खत्री, प्रेम बहादुर नेगी, प्रेम बहादुर राणा व चालक राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रात को अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिससे कमरे की दीवार से सटकर सोए लोगों पर करंट दौड़ गया। डा. एमएफ बट्ट ने बताया कि घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। प्रभारी निरीक्षक थाना पैठाणी रविंद्र सिंह ने बताया कि भवन स्वामी वज्रपात की बात कह रहा है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।