पौड़ी। विकासखंड थलीसैंण के एक विद्यालय में नशे की हालत में पहुंचने वाले शिक्षक के खिलाफ शिक्षा विभाग ने आरोपपत्र जारी कर दिया है। विभाग ने शिक्षक के खिलाफ जांच बिठा दी है।
विकास खंड थलीसैंण स्थित राप्रावि पाठों का सहायक अध्यापक विगत 12 फरवरी को नशे की हालत में विद्यालय पहुंचा था। शिक्षक विद्यालय पहुंचते ही एक कक्ष में लेट गया। बच्चों ने उसे उठाने के कई प्रयास किए, लेकिन निराश होकर सभी छात्र-छात्राएं घरों को लौट गए। बच्चों के घर जल्दी पहुंचने पर अभिभावकों ने कारण पूछा तो बच्चों ने सबकुछ बयां कर दिया। इसके बाद अभिभावकों ने स्थानीय प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। डीईओ बेसिक ने मामला सामने आते ही बीईओ थलीसैंण को सत्यापन का निर्देश जारी किया। बीईओ थलीसैंण की जांच में भी शिक्षक के नशे में विद्यालय पहुंचने की पुष्टि हुई। उन्होंने शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की थी। डीईओ बेसिक ने शिक्षक के खिलाफ आरोपपत्र जारी कर जांच बिठा दी है। डीईओ बेसिक कुंवर सिंह रावत ने बताया कि राप्रावि पाठों के सहायक अध्यापक अभिषेक देवरानी के खिलाफ आरोपपत्र जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उप शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल को जांच अधिकारी नियुक्त कर मामले की जांच सौंप दी गई है। रावत ने कहा कि जांच में ठोस तथ्य सामने आने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।