पौड़ी। जिलाधिकारी पौड़ी ने जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि किसान ही पहाड़ की खुशहाली को लौटा सकता है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के गोरखपुर में योजना के शुभारंभ का अधिकारी-कर्मचारियों व किसानों ने सीधा प्रसारण भी देखा।
रविवार को विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का शुभारंभ जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने किया। उन्होंने कहा कि पलायन की मार झेल रहे पहाड़ को किसान ही खुशहाली से भर सकता है। केंद्र व राज्य सरकार खेती, उद्यानीकरण व बागवानी के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। किसान को इन योजनाओं का लाभ लेना चाहिए। मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि योजना के तहत जनपद में 37 हजार किसानों को चयनित कर पोर्टल पर अपलोड किया गया है। इस मौके पर 12 हजार किसानों के खाते में योजना की पहली किश्त के रूप में दो-दो हजार रुपये गए। कार्यक्रम का संचालन पौड़ी ब्लाक प्रभारी कृषि संजय अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सीडीओ दीप्ति सिंह, एपीडी सुनील कुमार, ज्येष्ठ प्रमुख पौड़ी हरदयाल पटवाल, आत्मा परियोजना के उप-निदेशक चंद्र प्रकाश, बीडीओ पौड़ी पीके त्रिवेदी व नाबार्ड के भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।