श्रीनगर। सोशल मीडिया पर एक कथित कश्मीरी व्यक्ति की पाकिस्तान जिंदाबाद और आपत्तिजनक टिप्पणी का संदेश वायरल होने से छात्र संगठनों ने आक्रोश जताया। छात्र संगठनों ने कोतवाली में तहरीर देकर उक्त यूजर की आईडी का पता कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आईडी फर्जी लग रही है, लेकिन साइबर सेल को आईडी का पता लगाने के लिए कहा गया है।
पुलवामा की घटना के बाद से सोशल मीडिया में किसी हिजाबी कूर का एक स्थानीय युवक के साथ फेसबुक में चैटिंग का स्क्रीन शॉट वायरल हो रखा है। उक्त फेसबुक यूजर का मुंह ढका हुआ है, लेकिन उसने प्रोफाइल में स्वयं को पुलवामा निवासी और वर्तमान में श्रीनगर गढ़वाल में रहने की बात कही है। उक्त यूजर ने पाकिस्तान जिंदाबाद के साथ ही शहीद जवानों के लिए आपत्तिजनक बात लिखी है। रविवार को छात्र संगठन जय हो और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कोतवाली में उक्त फेसबुक यूजर के खिलाफ लिखित शिकायत दी। इधर, कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि उक्त यूजर का पता लगवाया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर यह फर्जी आईडी के जरिए किसी की शरारत लग रही है। साइबर सेल आईडी की जानकारी हासिल कर रही है।