पौड़ी। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने समीक्षा बैठक कर सभी विभागों को कलस्टर आधारित कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही खैरासैंण में विकास कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया। वहीं ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई, जबकि डीपीआरओ को ग्राम प्रधान खैरासैंण को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को ग्रामीण क्षेत्रों में संजोए गए उपकरणों को तकनीकी उपयोग में लाने के लिए कहा। उन्होंने उद्यान विभाग के गत वर्ष के कार्य पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि ऐसी योजनाओं को ही बढ़ावा दें जो धरातल पर आने से अच्छा परिणाम दे सकें। कृषि विभाग को मंडवा, धान तथा दलहन की अच्छी गुणवत्ता एवं फसल प्रगति में बदलाव लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीप्ति सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, स्वजल परियोजना प्रबंधक दीपक रावत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल कुमार शाह व जिला पंचायत राज अधिकारी एमएम खान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।