पौड़ी। 18 हजार रुपये मानदेय दिए जाने सहित विभिन्न लंबित मांगों पर अमल न होने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी संघ ने प्रदेश व्यापी आंदोलन का एलान किया है। संगठन की जिला कार्यकारिणी की पुराने पंचायत भवन में आयोजित बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि सरकार की ओर से लंबित मांगों की अनदेखी की जा रही है। यदि शीघ्र मांगें नहीं मानी गईं तो संगठन प्रदेश व्यापी आंदोलन को बाध्य होगा।
पौड़ी में आयोजित बैठक में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि 11 जून को संगठन की ओर से देहरादून में रैली निकालकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया था। इसके माध्यम से मुख्यमंत्री को लंबित मांगों से अवगत कराया गया, लेकिन कई दिन बाद भी मांगों पर अमल नहीं हुआ। इससे संगठन से जुड़ी महिलाओं में नाराजगी है। संगठन की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुपरवाइजरों के शत-प्रतिशत पदों को प्रमोशन से भरा जाए और मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को उच्चीकृत किया जाए। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर यदि मांगों पर अमल नहीं हुआ तो प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर कार्यकत्रियां सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगी। बैठक में जिला अध्यक्ष बसंती रावत, प्रदेश संगठन मंत्री मीनाक्षी रावत, महामंत्री मीना नेगी, जिला कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंवार, प्रभा जोशी, कबोतरी देवी व सरोजनी बडोनी आदि मौजूद थीं।
अर्चना अध्यक्ष और रानू बनी उपाध्यक्ष
बैठक में संगठन की पौड़ी ब्लॉक की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अर्चना रमोला अध्यक्ष, रानू उपाध्यक्ष, कलावती रावत महामंत्री एवं कौशल्या रावत कोषाध्यक्ष चुनी गईं।