पौड़ी। गढ़वाल राइफल्स ने गढ़वाल इलेवन को 1-0 से मात देकर राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता और सिरोली ने कोट को पैनाल्टी शूट आउट में 3-0 से शिकस्त देकर क्षेत्र पंचायत स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
सितोनस्यूं क्रीड़ा समिति की ओर से कोट खेल मैदान पर आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत और राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं के खिताबी मुकाबले खेले गए। क्षेत्र पंचायत फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सिरोली की टीम ने कोट को पैनाल्टी शूट आउट में 3-0 से हराया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर पाई। इसके बाद पैनाल्टी शूट आउट में मैच का परिणाम निकला।
वहीं राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के तहत गढ़वाल राइफल्स और गढ़वाल इलेवन के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें गढ़वाल राइफल्स ने गढ़वाल इलेवन को 1-0 से शिकस्त दी। गढ़वाल राइफल्स की ओर से सैंकी ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। समापन पर मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी मुकेश कोली ने कोट खेल मैदान के मंच के लिए विधायक निधि से 10 लाख और जिला योजना से खेल मैदान के पुनर्निर्माण के लिए भी 10 लाख की धनराशि देने की घोषणा की। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल, आलोक चारु, तामेश्वर आर्य, धर्मवीर सिंह, विकास नेगी, कमल नैथानी आदि मौजूद रहे।