पौड़ी। चारधाम यात्रा मार्ग से पौड़ी को जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। कोटद्वार से यात्रा संचालित करने के लिए गढ़वाल मंडल आयुक्त ने विकल्प की तलाश भी शुरू कर दी है। सोमवार को कमिशनर ने लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोनिवि व गढ़वाल वन प्रभाग के अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोटद्वार से सतपुली तक टनल से सड़क मार्ग तैयार करने के प्रस्ताव तैयार करें। इसके लिए डिटेल सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि 15 दिन में प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि प्रस्ताव शासन को भेजे जा सकें। इसके अलावा कोटद्वार-खिर्सू-खांकरा वैकल्पिक मार्ग की कार्य योजना तैयार के भी निर्देश दिए। गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि जनवरी माह में चमोली जिले के हिमक्रीड़ा स्थल ऑली में अंतर्राष्ट्रीय फिश रेस की तैयारियों शुरू हो गई हैं। कहा कि आवश्यकता पड़ी तो आर्गेनिक मशीन से भी बर्फ तैयार की जाएगी।