देवप्रयाग। विकासखंड के कांडाधार क्षेत्र के कई वृद्ध, विधवा व दिव्यांगों को पेंशन न मिलने से उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। जरूरतमंदों ने समाज कल्याण विभाग से शीघ्र पेंशन भुगतान किए जाने की मांग की है।
महरकांडा की बुजुर्ग सौली देवी ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से पेंशन मिलने का इंतजार कर रही है। जबकि दिव्यांग मट्टा देवी को एक वर्ष से पेंशन का भुगतान नहीं हो पाया है। बताते है कि इस गांव में सात वृद्ध, विधवा व दिव्यागों को फरवरी 2017 से समाज कल्याण विभाग की पेंशन का भुगतान नहीं हो पाया है। वृद्ध भगत सिंह, जतन सिंह व सरोप सिंह ने बताया कि वह हर माह पेंशन के लिए बैंक के चक्कर लगाते थक चुके है। उन्हें हर बार बैंक से खाली हाथ लौटना पड़ता है। जरूरतमंदों ने समाज कल्याण विभाग से शीघ्र पेंशन भुगतान किए जाने की मांग की है। सहायक समाज कल्याण अधिकारी मनीष तिवारी ने बताया कि कुछ लोगों ने अपने खातों को आधार से लिंक नहीं करवाया है। साथ ही खातों से जुड़ी पुरानी जानकारी भी नहीं दी गई है, जिससे समस्या आ रही है।