पौड़ी। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने पौड़ी जिले में विभागीय कार्यों की प्रगति व बैंकर्स की बैठक ली। उन्होंने जिले के अधिकारियों से विभागवार प्रगति रिपोर्ट ली। आयुक्त जिले के सीडी रेशियो (ऋण-जमा अनुपात) में कमी पर खासे खफा नजर आए। उन्होंने लीड बैंक ऑफिसर को सीडी रेशियो में जल्द सुधार लाए जाने के निर्देश दिए।
मंडल मुख्यालय पौड़ी में आयुक्त बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने पौड़ी जिले की विभागवार समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पौड़ी प्रदेश में पलायन से जूझने वाला दूसरा जिला है। अधिकारियों को पलायन थामने की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए तीन वर्ष की कार्ययोजना बनाकर उसे धरातल पर उतारने के लिए कार्य करना होगा। कहा कि होम स्टे योजना के लिए जिलाधिकारी पौड़ी नोडल अधिकारी नियुक्त कर चार सदस्यीय टीम बनाकर कार्य कराएं। आयुक्त पुरुषोत्तम ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को 15 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। लीड बैंक ऑफिसर को जिले में स्टार्टअप योजना व स्टैंडअप के तहत कम से कम 392-392 लोगों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सीडी रेशियो में सुधार नहीं लाया गया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि जिले के प्रत्येक ब्लाक में एक-एक गांव को चिन्हित किया गया है, जिनमें से छह ब्लाकों से रिपोर्ट मिल चुकी है। कहा कि होम स्टे योजना का संचालन स्वयं सहायता समूहों को प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर अपर आयुक्त हरक सिंह रावत, लीड बैंक ऑफिसर नंद किशोर शाह, सीएमओ डा. बीएस जंगपांगी, एपीडी सुनील कुमार, सीएमओ डीएस राणा, डीएचओ डा. नरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी व सीवीओ डा. एसके सिंह आदि मौजूद थे।