श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के कोटी ढुंडसिर के ग्रामीणों ने अनियमित विद्युत आपूर्ति पर ऊर्जा निगम के खिलाफ आक्रोश जताया है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने पर समस्या का समाधान नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणों को आए दिन समस्या से जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीण भूपेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उनके गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया था। तब विभाग ने यहां काम चलाने के लिए पुराना ट्रांसफार्मर लगा दिया। ग्रामीणों के विरोध करने पर अधिकारियों ने कहा था, कि नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने पर शीघ्र बदला जाएगा, लेकिन आज तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। इससे गांव में आए दिन बिजली गुल रहने व लो वोल्टेज की समस्या बनी है। बताया कि गांव में मंगलवार से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। ग्रामीण सूरत सिंह नेगी, अंकित बिष्ट, जसपाल नेगी, पंकज, प्रकाश, अजय बिष्ट, अवतार सिंह, आशीष व संदीप आदि ने शीघ्र समस्या के समाधान की मांग की है।