पौड़ी। संस्कृति भवन प्रेक्षागृह पालिका को दिए जाने को लेकर मुख्यालय में मुखर विरोध शुरू हो गया है। पूर्व दर्जाधारी मंत्री सरिता नेगी ने पालिका पर सफाई व्यवस्था में लचर रहने का आरोप लगाते हुए उसे प्रेक्षागृह दिया जाना जनभावनाओं का अनादर बताया। उन्होंने कहा कि प्रेक्षागृह पौड़ी की अनमोल धरोहर है। कहा कि पालिका लावारिस पशुओं, कूड़ा निस्तारण, व्यवसायिक भवनों के रखरखाव में पूरी तरह विफल रही है। उसे प्रेक्षागृह नहीं सौंपा जाना चाहिए। दूसरी ओर उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट, नवांकुर नाट्य उत्सव व नागरिक कल्याण मंच ने मुख्यालय स्थित संस्कृति भवन प्रेक्षागृह को यथावत रखे जाने की मांग की है।
जिला प्रशासन ने प्रेक्षागृह को नगर पालिका पौड़ी को सौंपने का निर्णय लिया है। उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के सचिव आशीष नेगी, नवांकुर के अध्यक्ष अशोक बौड़ाई व नागरिक कल्याण मंच के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत ने कहा कि संस्कृति विभाग पौड़ी का प्रेक्षागृह उत्तर भारत के बेहतरीन प्रेक्षागृहों में शुमार है। इस मामले में संस्कृति कर्मियों ने सचिव संस्कृति विभाग को ज्ञापन भी भेजा। वहीं नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक में कमेटी के कार्यकारी नगर अध्यक्ष अनूप कंडारी ने कहा कि पालिका के अधीन डमरु हॉल जैसे अनेक स्थल है, वह इनकी ही देखरेख सही से नहीं कर पा रही है। उसे संस्कृति भवन का प्रेक्षागृह नहीं दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर विनोद नेगी, गौरव बिष्ट, अंशवीर नेगी व नरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।