श्रीनगर। शहर में संचालित निजी पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं के खिलाफ स्थानीय निवासियों व छात्रों का आक्रोश शांत नहीं हो रहा है। विवि के छात्रों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर उक्त पैथोलाजी प्रयोगशालाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का कहना है कि प्रशासन ने कार्रवाई के नाम पर सिर्फ नोटिस थमाए हैं।
निजी पैथोलाजी लैब्स के प्रति स्थानीय निवासियों व गढ़वाल विवि के छात्रों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। छात्रों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की शह पर पैथोलॉजी लैब्स अपना गोरखधंधा चला रहे हैं। जय हो छात्र संगठन के आयुष मिंया व अमित प्रदाली ने कहा कि शुक्रवार को प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से निजी पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं की जांच के बाद अनियमितता पाए जाने पर सिर्फ नोटिस थमाए हैं। जिससे स्पष्ट होता है कि प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की मिली भगत से ही सब कुछ हो रहा है। शनिवार को छात्रों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज निजी पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।