पौड़ी। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति ने प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी की मौत की सोशल मीडिया में वायरल हुई खबर पर नाराजगी जताते हुए पुलिस थाने में मामले की तहरीर दी है। मंच के संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं लोक गायक नरेंद्र नेगी ने अपने सोशल मीडिया पेज पर कहा है कि वह स्वस्थ हैं। व्हाट्सएप पर जो मैसेज प्रसारित किया जा रहा है, उस पर ध्यान न दें। वह साहित्य सृजन में हैं और जल्द ही अपनी नई कविताओं और गीतों के साथ किसी मंच पर आपके बीच होंगे।
पौड़ी में बुधवार को सोशल मीडिया पर लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी की मौत की खबर वायरल होती रही। इससे नाराज पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक ने पौड़ी पुलिस थाने में की शिकायत में कहा कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया में कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इसमें लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी की मौत की अफवाह भी शामिल है। पुलिस में की शिकायत में उन्होंने कहा कि नेगी की मौत की अफवाह उनके परिवार के साथ ही उत्तराखंड और देश, विदेश में उनके प्रशंसकों के लिए कष्टदायक है। इस तरह की अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।