क्षेत्रीय क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष मुरारी लाल नौटियाल का अनशन जिला प्रशासन ने समाप्त करवा दिया है, लेकिन इसके बाद जीतराम पोखरियाल व पीतांबर नौडियाल अनशन पर बैठ गए। अनशन के तीसरे दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाकीसैंण के डाक्टर ने अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
क्रांति मोर्चा ने जिला प्रशासन को दिए ज्ञापन में मांग की कि प्रदेश की स्थायी राजधानी गैरसैंण स्थापित की जाए और चाकीसैंण तहसील में एसडीएम समेत रिक्त कर्मचारियों के पद पर नियुक्तियां की जाएं। चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक वे अनशन जारी रखेंगे। सोमवार को अंताखोली, सौड़, मझोली, नौड़ी व चौरा समेत अन्य गांवों के लोगों ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्र के महिला मंगल दल, अर्द्धसैनिक बल मोर्चा थलीसैंण, माकपा के देवानंद नौटियाल समेत अन्य ने समर्थन दिया। धरने में यूकेडी जिलाध्यक्ष सुबोध पोखरियाल, भाष्कर बहुगुणा, देवेश उनियाल, हेमा देवी, सती देवी, विजेश्वरी देवी, कुंती देवी, दौलतराम व बबली देवी आदि बैठे।