पौड़ी। जिला विकास प्रबंधन नाबार्ड पौड़ी की ओर से कृषि क्षेत्र में पूंजी निर्माण की प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए जिले में संभाव्यतायुक्त ऋण योजना (पीएलपी) तैयार की गई है। सोमवार को योजना की विवरणिका (बुकलेट) का विमोचन सीडीओ रवनीत चीमा ने किया।
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड बिजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि वर्ष 2018-19 के लिए तैयार की गई इस योजना द्वारा कृषि क्षेत्र में दीर्घ कालीन निवेश ऋण की जरूरत को पूरा किया जा सकता है। इसमें कृषि क्षेत्र में पूंजी निर्माण, 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने तथा जल संरक्षण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत कोई भी काश्तकार व किसान डेरी, उद्यान, पोल्ट्री आदि के लिए इस योजना में बैंकों से न्यूनतम ब्याज दर पर लोन ले सकता है। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से इस योजना की शुरुआत हो जाएगी।
इस मौके पर डीडीओ वेद प्रकाश, एपीडी सुनील कुमार, लीड बैंक अधिकारी नंद किशोर, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक केएन शर्मा आदि शामिल रहे।