पौड़ी। विकास भवन में सोलर पावर प्लांट लगाने वाली कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी है। उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) पौड़ी के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी ने कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति उरेडा मुख्यालय को भेज दी है। इसके अलावा फर्म की 16 लाख की धरोहर राशि जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
वर्ष 2013 में लखनऊ की जायसवाल बैट्री सर्विस ने विकास भवन में 69 लाख का सोलर पावर प्लांट लगाया था। सोलर पावर प्लांट की पांच साल की वारंटी थी। 40 किलोवाट का यह सोलर प्लांट यूपीसीएल से मिलने वाली बिजली गुल होने पर सीडीओ, डीडीओ, डीआरडीए, डीएसटीओ, पंचस्थानी निकाय व उरेडा कार्यालय को बिजली सप्लाई करता था। फरवरी 2017 से प्लांट खराब पड़ा है। उरेडा के वरिष्ठ जिला परियोजना अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि फरवरी में ही फर्म को इसकी जानकारी दे दी थी। बावजूद फर्म ने प्लांट ठीक नहीं किया है। फर्म को ब्लैक लिस्ट, समस्त भुगतानों पर रोक और धरोहर राशि जब्त करने की संस्तुति मुख्यालय को भेज दी है।