कीर्तिनगर। राजकीय इंटर कॉलेज किलकिलेश्वर के क्रीड़ा प्रांगण में आयोजित मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना-2026 की ब्लॉक स्तरीय ट्रायल प्रतियोगिता शनिवार को हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 102 बालक और 36 बालिकाओं समेत कुल 138 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों का फिजिकल बैटरी टेस्ट के माध्यम से चयन किया गया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन शनिवार को बालिकाओं के लिए आरक्षित दिवस रखा गया था। इस दौरान 14 से 17 और 21 से 23 वर्ष आयु वर्ग में दूरस्थ क्षेत्रों की चार बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इससे पूर्व बालक और बालिकाओं के लिए आयोजित ट्रायल में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
आयु वर्गवार आंकड़ों के अनुसार 14 से 17 वर्ष में 76 बालक, 17 से 19 वर्ष में 15, 19 से 21 वर्ष में आठ और 21 से 23 वर्ष आयु वर्ग में तीन बालकों, वहीं बालिकाओं में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 27, 17 से 19 वर्ष में चार और 21 से 23 वर्ष आयु वर्ग में एक बालिका ने प्रतिभाग किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता 17 अगस्त से
ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक (माध्यमिक शिक्षा) कीर्तिनगर सतीश बलूनी ने बताया कि फिजिकल बैटरी टेस्ट में चयनित बालक-बालिकाओं की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 17 से 21 अगस्त तक श्री पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल में आयोजित होगी। जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से प्रतियोगिता का कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची 10 अगस्त को संबंधित विद्यालय, न्याय पंचायत और सीआरसी को भेज दी जाएगी। आयोजन में नोडल अधिकारी डॉ. यशवंत सिंह, सह नोडल संजय लिंगवाल, सह समन्वयक कमलेश्वर, वीर विक्रम, सुभाष, प्रियदर्शन, प्यारे लाल अंथवाल, शमशेर सिंह, प्रवीण, रवींद्र ने सहयोग किया।