श्रीनगर/देवप्रयाग। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर आतंकवादी हमले से देशभर में उबाल है। आतंकवादी हमले में 42 जवान शहीद हो गए थे। विभिन्न छात्र संगठनों, सामाजिक संगठनों ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला फूंका। इस दौरान पाकिस्तान के विरोध में जमकर नारेबाजी भी हुई।
शुक्रवार को शहर क्षेत्र में जय हो छात्र संगठन, अभाविप ने पाकिस्तान व आतंकवाद के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। अभाविप के सुधीर जोशी, जय हो आयुष मियां ने कहा कि सरकार को आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देना होगा। मुस्लिम समुदाय ने जुमे की नमाज के बाद गोला पार्क में आतंकवाद व पाकिस्तान का पुतला फूंका। वहीं राजकीय मेडिकल कालेज, गढ़वाल विवि के रक्षा एवं स्त्रातेजिक विभाग, गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में आतंकवादी हमले में शहीद जवानों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए गए। दूसरी ओर सरस्वती विद्यामंदिर श्रीनगर व श्रीकोट के छात्रों ने कैंडल जलाकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। जबकि भक्तियाना क्षेत्र में भी लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उधर देवप्रयाग नगर की जनता ने पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों के लिए अलकनंदा-भागीरथी के संगम पर दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर भाजपा नगराध्यक्ष शशि ध्यानी, रजनीश मोतीवाला, विनोद बडोला, सुनील पांडे, सुभाष ध्यानी, त्रिकोल रावत व पीतांबर महर आदि मौजूद थे। वहीं ब्लाक मुख्यालय हिंडोलाखाल में भाजपा ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जेपी चंद के नेतृव में भाजपाईयों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।