पौड़ी। कोषागार कर्मचारियों में प्रदेश सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने आईपीओ भत्ता बंद किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि प्रदेश सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मुख्य कोषागार पौड़ी में कोषागार कर्मचारियों की बैठक का आयोजन प्रांतीय महामंत्री यतिन शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस मौके पर शाह ने बताया कि सरकार ने कोषागार कर्मचारियों का आईपीओ भत्ता बंद कर दिया। जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार आवास भत्ता मूल वेतन पर दे रही है। दूसरी ओर प्रदेश सरकार ने मैट्रिक्स के न्यूनतम स्तर पर घोषित किया है। शाह ने कहा कि कोषागार अधिकारी-कर्मचारियों को आवास भत्तों में जहां 200 से 1800 रु. का लाभ मिल रहा है। वहीं आईपीओ भत्ता एवं परिवार नियोजन भत्ता बंद करके 1500 से 3 हजार की वसूली प्रतिमाह सरकार द्वारा की जा रही है। जिलाध्यक्ष पौड़ी केएस बिष्ट ने कहा कि आगामी 17 जनवरी को देहरादून में प्रांतीय बैठक का आयोजन कर आंदोलन की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर प्रांतीय संप्रेक्षक संदीप सिंह राणा, सुभाष पुरी, एमएस चौहान, नरेंद्र नेगी, अवधेश चंद्र आदि मौजूद थे।