श्रीनगर। युवा संसद में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के चयन के लिए गढ़वाल विवि को नोडल केंद्र बनाया गया है। युवा संसद में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक युवा 18 जनवरी तक ऑन लाइन आवेदन कर सकते हैं। 27 जनवरी को प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। 18 से 25 वर्ष तक के युवा आवेदन कर सकते हैं।
जिला युवा संसद पौड़ी के नोडल अधिकारी डा. विनीत कुमार मौर्य ने बताया कि पौड़ी व टिहरी जिले के युवा एचएनबी गढ़वाल विवि के एनएसएस विभाग में दिनांक 18 जनवरी तक अपना नामांकन करा सकते हैं। स्क्रीनिंग के लिए प्रतिभागियों को प्रस्तावित विषयों पर दो-तीन मिनट में अपनी बात प्रस्तुत करनी होगी। जिनमें से बेहतर प्रस्तुति वाले प्रतिभागी का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम चयन 28 जनवरी को पत्रकारिता एवं जनसंचार केंद्र चौरास में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। ऑनलाइन माध्यम से भी अपना नामांकन करा सकते हैं। इसके लिए यूट्यूब पर किसी एक विषय के पक्ष व विपक्ष में अपने विचारों को 90-120 सेंकंड की अवधि का वीडियो अपलोड करना होगा। इसके बाद माई जीओबी वेबसाइट में यूथ पार्लियामेंट.कॉम पर रजिस्ट्रेशन कर यह वीडियो लिंक करना होगा।