पौड़ी। जिला अस्पताल पौड़ी और बेस अस्पताल कोटद्वार में चार-चार बेड के आईसीयू वार्ड बनेंगे। वहीं श्रीनगर संयुक्त अस्पताल के पीछे 50 बेड का अस्पताल बनेगा। स्वास्थ्य विभाग को रेलवे विकास निगम की ओर से इसे 18 महीने के भीतर बनाकर तैयार करने का आश्वासन दिया गया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीएस जंगपांगी ने दी।
जिले में डाक्टरों की कमी के साथ ही जीवन रक्षक उपकरणों एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना है। अब हंस फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल पौड़ी में चार बेड का आईसीयू वार्ड बनाया जा रहा है। इसके अलावा तीन सौ बेड के बेस अस्पताल कोटद्वार में ट्रामा सेंटर बनेगा। साथ ही राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी की ओर से चार बेड का आईसीयू वार्ड बनाया जा रहा है, जबकि श्रीनगर संयुक्त चिकित्सालय के पीछे 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि चयनित किए जाने के बाद अस्पताल का नक्शा बनकर तैयार है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीएस जंगपांगी ने कहा कि अस्पताल में आईसीयू इमरजेंसी के साथ ही चार प्राइवेट वार्ड, दो सेमी वार्ड, ओटी व लेबर रूम आदि बनेंगे। रेलवे विकास निगम को अस्पताल निर्माण के लिए भूमि दिखा दी गई है। रेलवे विकास निगम की ओर से कहा गया है कि तीन मंजिला यह अस्पताल 18 महीने के भीतर बनाकर तैयार कर लिया जाएगा, जबकि पुराना बेस अस्पताल पूर्व की तरह चलता रहेगा।