पौड़ी। खिर्सू विकास समिति की ओर से युवतियों के लिए पहली बार आयोजित तीलू रौतेली फुटबॉल प्रतियोगिता का मुकाबला युवती मंडल खिर्सू ने जीता। फाइनल मुकाबला युवती मंडल खिर्सू एवं युवा मंडल कोठगी के बीच हुआ जिसमें युवती मंडल खिर्सू ने युवा मंडल को 4-1 से हराया।
खिर्सू मैदान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में नेहरू युवा केंद्र संगठन के निदेशक बीएस खोसा ने कहा कि खेल में भी लड़कियों को आगे आने का अवसर देंगे तो समाज आगे बढ़ेगा। अनिल स्वामी ने कहा कि पहाड़ में लड़कियां आए दिन खेलों में नया इतिहास रच रही हैं। जिला युवा समन्वयक डा. योगेश धस्माना ने कहा कि लड़कियों को उचित प्रशिक्षण दिलाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष शरत नेगी, अंजना बिष्ट, युवा मंडल अध्यक्ष राकेश कठैत, रविंद्र, अनूप, कृष्णा, राहुल सिंह, राजेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।