ब्लाक यमकेश्वर के जूनियर हाईस्कूल ताल बांदणी, प्राथमिक विद्यालय विंदासनी व बांदणी में अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान ताले लटके मिले। डीईओ बेसिक केएस रावत ने विद्यालयों में तैनात नौ शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही उनका स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी बेसिक केएस रावत व उप खंड शिक्षा अधिकारी यमकेश्वर अमित कोठियाल ने शनिवार को जूनियर हाईस्कूल ताल बांदणी, प्राथमिक विद्यालय बांदणी व विंदासनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में ताले लटके मिले। पूछने पर ग्रामीणों ने बताया कि विवेकाधीन अवकाश घोषित किया गया है। डीईओ ने इन विद्यालयों में तैनात नौ शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोक दिया है। उनके स्पष्टीकरण भी तलब किए गए हैं। डीईओ केएस रावत ने बताया कि विद्यालयों में प्रत्येक माह चतुर्थ शनिवार प्रतिभा दिवस मनाया जाता है। इस दिन कोई भी अवकाश नहीं दिया जाता, बल्कि बच्चे बगैर बस्ते के स्कूल पहुंचते हैं और उन्हें विभिन्न क्रियाकलाप सिखाए जाते हैं। डीईओ ने कहा कि यह घोर लापरवाही है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं आया तो शिक्षकों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।