पौड़ी। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने गढ़वाल संसदीय सीट पर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को यहां विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना आयोग की पहली प्राथमिकता है। मतदाताओं की सहभागिता को बढ़ाने के लिए विशेष रुप से कार्य करना होगा। बैठक में पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली के जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी चुनाव हैं। चुनाव में मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी के लिए कार्य करना होगा। चुनाव तैयारी को लेकर किसी तरह की कोई हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव के दौरान अवैध शराब और पैसों के लेनदेन की शिकायत बड़ी संख्या में आयोग के सामने आती हैं, जिस पर अधिकारियों को विशेष रुप से काम करना होगा। कहा कि चुनाव में अवैध शराब और पैसों के लेनदेन पर नियंत्रण के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त निगरानी टीम तैयार की जाए, जो शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया व मीडिया में पेड न्यूज की शिकायतें बड़ी संख्या में सामने आती हैं, जिस पर कड़ी नजर रखी जानी चाहिए।
बैठक में बताया गया कि गढ़वाल संसदीय सीट में 14 विधानसभा सीटें शामिल हैं, जबकि मतदाताओं की संख्या 13 लाख 36 हजार 168 है। गढ़वाल सीट पर 2056 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी रुद्रप्रयाग मंगेश घिल्डियाल, चमोली स्वाति एस भदौरिया व एडीएम पौड़ी रामजी शरण शर्मा ने मुख्य चुनाव अधिकारी के सामने चुनाव तैयारी की पूरी जानकारी रखी। जिला निर्वाचन अधिकारी चमोली व रुद्रप्रयाग ने कहा कि चुनाव चारधाम यात्रा के दौरान होने पर यात्रा मजिस्ट्रेटों की आवश्यकता होगी, जिस पर उन्होंने मांग के अनुरूप मजिस्ट्रेट दिए जाने का भरोसा दिया गया। राज्य के अपर चुनाव अधिकारी डा. वी षणमुगम ने सुरक्षा, चुनाव कार्मिकों की तैनाती, चुनाव खर्च को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी पौड़ी डीएस गर्ब्याल, एसएसपी पौड़ी दलीप सिंह कुंवर, एसपी रुद्रप्रयाग अजय सिंह, एसपी चमोली यशवंत सिंह चौहान, अपर चुनाव अधिकारी पौड़ी दीप्ति सिंह आदि मौजूद थे।