पौड़ी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पहाड़ से पलायन को रोकने में पर्यटन डेस्टिनेशन सहायक बनेंगे। सरकार पर्यटन व तीर्थाटन के विकास को लेकर संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनपद पौड़ी के सनराइन फॉल दीवा का डांडा को थलवाणी से रोपवे से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा कार्तिकेय स्वामी मंदिर, यमनोत्री, केदारनाथ तथा नीलकंठ आदि तीर्थ स्थलों को जल्द ही रोपवे से जोडे़ंगे।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने श्री हंस राजकीय इंटर कालेज पोखड़ा मैदान में आयोजित पोखड़ा विकास मेले में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दूरस्थ पौराणिक स्थलों की महत्ता को पर्यटन, संस्कृति व तीर्थाटन से जोड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है। इन स्थलों को साहसिक पर्यटन, रोपवे व झील से आच्छादित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सतपुली और खैरासैंण में शीघ्र ही झील का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसके लिए तकनीकी विशेषज्ञों ने डीपीआर तैयार कर ली है। सतपाल महाराज ने कहा कि पौड़ी जनपद में प्रसिद्ध सनराइज फॉल दीवा का डांडा को विशेष प्रोजेक्ट के रूप में तैयार किया जा रहा है। योजना के अनुसार थलपाणी से दीवा का डांडा तक रोपवे का निर्माण किया जाएगा, जिसका सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्तिकेय स्वामी मंदिर, यमनोत्री, केदारनाथ तथा नीलकंठ आदि तीर्थ स्थलों में भी आने वाले समय में रोपवे निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डा. जय प्रकाश सेमवाल, एसडीएम एसएस राणा, मेला समिति के अध्यक्ष धनेश्वर धस्माना, संयोजक राजपाल रावत, जिला महामंत्री भाजपा नीरज पांथरी, देवेंद्र भट्ट, विजेंद्र हेमदान व बीरबल बिष्ट आदि मौजूद थे।
महाराज को सौंपा ज्ञापन
पौड़ी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी ने पर्यटन मंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। ज्ञापन में महाराज के पिता के नाम स्थापित श्री हंस महाराज इंटर कालेज में शिक्षकों की कमी दूर किए जाने, जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा, ब्लाक मुख्यालय पोखड़ा में एटीएम सुविधा सहित आठ सूत्री मांगों के समाधान की मांग की गई है।