पौड़ी। ड्यूटी न मिलने से नाराज प्रांतीय रक्षक दल की महिलाओं ने डीएम कार्यालय परिसर में पहुंचकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि साल भर में उन्हें कभी तीन और कभी छह महीने की ड्यूटी मिल रही है। उन्हें वर्ष भर की डयूटी दी जाए।
डीएम कार्यालय परिसर पहुंची महिलाओं ने कहा कि वर्ष 2016 में उन्हें मात्र तीन महीने काम मिला, जबकि 2017 में साढ़े चार महीने की ड्यूटी मिली। साल भर ड्यूटी न मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कार्यालय में डीएम के न मिलने पर महिलाएं विकास भवन पहुंचीं और डीएम सुशील कुमार को अपनी समस्या से अवगत कराया। डीएम कार्यालय परिसर पहुंचने वाली महिलाओं में जिलाध्यक्ष माया देवी, दुर्गा, कुसुम, सुनीता, सपना, सुमति भट्ट, ममता रावत, कुसुम, विदेश्वरी देवी व मंजू नेगी आदि शामिल रहीं।
-----------------------
विभाग के पास सभी महिलाओं को ड्यूटी के लिए पैसा नहीं है। जितना बजट मिलेगा, उसी हिसाब से ड्यूटी लगाई जाएगी। यात्रा सीजन के दौरान मांग होने पर इनकी ड्यूटी लगाई जाती है। -सत्यपाल नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी।