पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना (आईएलएसपी) की ओर से हिलांस किसान मेला आयोजित किया गया। इसमें एनआरएलएम, आईएलएसपी, स्वयं सहायता समूह व विभिन्न विभागों के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में सांगुड़ा गांव के बुजुर्ग प्रगतिशील किसान विद्या दत्त शर्मा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक मुकेश कोली ने कहा कि मातृशक्ति पहाड़ की समृद्धि का आधार है।
शुक्रवार को कंडोलिया खेल मैदान में आयोजित हिलांस किसान मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मुकेश कोली ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मातृशक्ति के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं, जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। कोली ने कहा कि हम सबको मिलकर पहाड़ को संवारने का प्रयास करना होगा। आईएलएसपी के परियोजना प्रबंधक अशोक कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि परियोजना के ब्लाक कल्जीखाल के छह कलस्टरों में 312 उत्पादक समूह पारंपरिक खेती के साथ मसाले का उत्पादन कर रहे हैं, जिससे 3100 परिवार जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि एडीपी टैंक, लघु संग्रहण केंद्र, संग्रहण केंद्र, घेरबाड़ के कार्यों के साथ ही युवाओं को आजीविका विकास में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जलागम के उप-परियोजना प्रबंधक रविकांत मिश्रा ने बताया कि विकास खंड पाबौ व एकेश्वर में आठ कलस्टरों के माध्यम से 48 ग्राम पंचायतों में 400 से अधिक उत्पादक समूह बनाए गए हैं, जिससे 5123 परिवार जुड़े हैं। कार्यक्रम में प्रतिज्ञा आजीविका सहायक सहकारिता पंचाली व बुरांश आजीविका स्वायत्त सहकारिता घंडियाल को सहयोग राशि के चेक प्रदान किए गए। आईएलएसपी के प्रशिक्षण लेकर रोजगार पाने वाली ज्योति व श्यामली को भी पुरस्कार प्रदान किया गया। मेले में आजीविका स्वायत्त सहकारिता प्रेरणा अगरोड़ा, ज्योति बिलखेत, लक्ष्य दिवई, हिमसागर पित्रसैंण, नारीशक्ति स्वयं सहायता समूह, एनआरएलएम, महिला मंगल दल बिष्टबूंगा, आईएलएसपी, डब्ल्यूएमडी के साथ ही कृषि, उद्यान, मत्स्य, रेशम, डेयरी व वन विभाग के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे। पहचान ग्रुप पौड़ी व दर्पण समिति अल्मोड़ा के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से पहाड़, परिस्थिति व खेती को लेकर शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए एसएस शर्मा, एपीडी सुनील कुमार, डीडीओ वेद प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, गणेश खुगशाल गणि, सुषमा रावत व जगत किशोर बड़थ्वाल आदि मौजूद थे।