पौड़ी। पॉलिथीन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया जा सके, इसके लिए बारात घरों एवं धर्मशालाओं में भी छापामारी अभियान चलाया जाए। उपजिलाधिकारी एसएस राणा ने यह बात यहां नगर पालिका सभागार में आयोजित व्यापार सभा एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक में कही।
एसडीएम ने कहा कि नगर पालिका, शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर लोगों को पॉलिथीन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। इसके अलावा प्लास्टिक, थर्माकोल उन्मूलन के प्रति भी विशेष छापामारी अभियान चलाया जाए। बैठक में व्यापार सभा के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बेकरी व पैकेट मसाले प्रमाणित थैलियों में आ रहे हैं। पूर्व सभासद नीलम रावत ने कहा कि दूध थैलियों में आ रहा है। दूध की बिक्री के लिए मोबाइल एटीएम मिल्क वाहन उपलब्ध कराया जाए। पूर्व सभासद जितेंद्र जोशी ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए सभी तरह की पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाया जाए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद लाल शाह ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाया जाएगा।